मुंबई। आमिर खान प्रोडक्शन्स की फिल्म ‘Ek Din’ का दूसरा ट्रेलर गुरुवार को रिलीज हो गया है। फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं।
एक दिन की अनोखी प्रेम कहानी
ट्रेलर में एक भावुक लव स्टोरी दिखाई गई है, जिसमें जुनैद खान शर्मीले युवक ‘रोहन’ के किरदार में हैं, जो अपनी सहकर्मी ‘मीरा’ (साई पल्लवी) से प्यार करता है, लेकिन अपने जज्बात जाहिर नहीं कर पाता।
कहानी में मोड़ तब आता है जब दोनों ऑफिस ट्रिप के लिए जापान जाते हैं। वहां मीरा का एक्सीडेंट हो जाता है और उसे ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया (TGA) हो जाता है। इस बीमारी के कारण उसे केवल रोहन ही याद रहता है, जिसने उसकी जान बचाई थी।
इमोशनल केमिस्ट्री ने जीता दिल
ट्रेलर में साई पल्लवी और जुनैद खान के बीच गहरी इमोशनल केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। कहानी की खास बात यह है कि मीरा हर दिन सब कुछ भूल जाती है, लेकिन रोहन हर दिन को खास बनाने की कोशिश करता है। यह अधूरी और दर्द भरी प्रेम कहानी दर्शकों को भावुक कर रही है।