CG NEWS : महिला से अभद्रता और धमकी देने के आरोप में कांग्रेस नेता समेत तीन गिरफ्तार, CCTV फुटेज आया सामने

CG NEWS :  दुर्ग। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित रूप से अश्लील हरकत करने, अभद्र व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू, दीपक वर्मा और जय साहू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की शिकायत और प्रारंभिक जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता एवं अमलेश्वर के पूर्व पालिका उपाध्यक्ष उमेश साहू ने बताया कि विवाद की शुरुआत शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत के बाद हुई। उनके अनुसार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य के भतीजे दुर्गेश साहू के खिलाफ जन समस्या निवारण शिविर में आवेदन दिया गया था। शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम और पटवारी ने संबंधित भूमि का निरीक्षण भी किया था। उमेश साहू का आरोप है कि इसी मामले में उन्हें शिकायत का मुखबिर मानते हुए लगातार धमकियां दी जा रही थीं।

Advertisement

इंसाफ में 40 साल की देरी: इलाहाबाद HC के रवैये पर सुप्रीम कोर्ट नाराज, कहा— बैकलाग खत्म करने के लिए नए रास्ते खोजें

पीड़ित पक्ष के अनुसार, 7 जून 2026 की रात करीब 11 बजे आरोपी कथित रूप से शराब के नशे में उमेश साहू के घर पहुंचे। उस समय घर में उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। घर की घंटी बजाने पर जब महिला बाहर आई तो उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और कथित रूप से आपत्तिजनक इशारे किए गए।

महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने अश्लील टिप्पणियां कीं, जान से मारने की धमकी दी और घर में घुसने का प्रयास भी किया। घटना के दौरान उमेश साहू के बाहर आने पर उन्हें भी कथित रूप से धमकाया गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296, 351(3), 79 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Spread the love
Advertisement