Jammu Kashmir Rain : उमर अब्दुल्ला ने मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान

जम्मू-कश्मीर: Jammu Kashmir Rain  के बीच प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। पिछले दो दिनों में अलग-अलग हादसों में 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। खराब मौसम को देखते हुए श्री अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा, शिवखोड़ी यात्रा और सरथल यात्रा दूसरे दिन भी एहतियातन स्थगित रखी गई हैं।

पुंछ में सबसे बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

सोमवार को पुंछ जिले के सुरनकोट के लोरन गांव में भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से मलबा एक कच्चे मकान पर आ गिरा। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं। इससे पहले रविवार को भी पुंछ जिले में बाढ़ और मकान ढहने की घटनाओं में कई लोगों की जान गई थी।

डोडा में बस पर गिरी चट्टान, दो यात्रियों की मौत

डोडा जिले में भद्रवाह से जम्मू जा रही एक यात्री बस पर रग्गी नाले के पास पहाड़ से बड़ी चट्टान गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार यात्री घायल हुए हैं। वहीं काश्तीगढ़ क्षेत्र में मकान गिरने से एक महिला की भी जान चली गई।

Advertisement

दो दिन में 24 मौतें, 6 लोग अब भी लापता

प्रशासन के मुताबिक, पुंछ और राजौरी जिलों में दो दिनों के भीतर 21 लोगों की मौत हुई है। वहीं पूरे जम्मू-कश्मीर में मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। बाढ़ और मलबे की चपेट में आए 6 लोगों की तलाश लगातार जारी है।

Sonam Wangchuk News : जंतर-मंतर से हटाए गए कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक, संसद मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प

वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा पर रोक

लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए वैष्णो देवी यात्रा, अमरनाथ यात्रा, शिवखोड़ी यात्रा और सरथल यात्रा फिलहाल रोक दी गई हैं। कटड़ा में करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालु यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने सीमित संख्या में कुछ श्रद्धालुओं को बालटाल मार्ग से आगे बढ़ाने की जानकारी दी है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

भारत मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। लोगों को पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के किनारे न जाने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश के कारण तवी और चिनाब नदी सहित कई नदियां और नाले उफान पर हैं, जबकि कई गांवों का संपर्क भी टूट गया है।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राजौरी और पुंछ जिलों में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 6-6 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और प्रभावित इलाकों में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत और बचाव अभियान जारी

आपदा प्रबंधन दल, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां प्रभावित इलाकों में लगातार राहत एवं बचाव कार्य चला रही हैं। वैष्णो देवी मार्ग पर हुए आंशिक भूस्खलन को हटाने और रास्तों को सुरक्षित बनाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।

Spread the love
Advertisement