BJP President Nitin Nabin Meeting: BJP की नई टीम के साथ नितिन नवीन की पहली बैठक, चुनावी तैयारियों से लेकर संगठन विस्तार तक बनेगा रोडमैप

BJP President Nitin Nabin Meeting: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक शुरू की। दिनभर चलने वाली इस संगठनात्मक बैठक में नई टीम के सदस्यों का परिचय, उनकी जिम्मेदारियां और आने वाले चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

तीन चरणों में होगी संगठनात्मक बैठक

भाजपा की नई टीम के साथ होने वाली बैठकों को तीन अलग-अलग हिस्सों में आयोजित किया जा रहा है। नितिन नवीन नए पदाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से परिचय करेंगे और पार्टी की अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराएंगे। बैठक में पदाधिकारियों को उनकी नई भूमिकाओं और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दिए जाने की संभावना है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संगठन के पदाधिकारियों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और मीडिया के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने और आम लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में काम करने पर जोर रहेगा।

Advertisement

2027 के विधानसभा चुनावों पर भी नजर

बैठक में अगले साल होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर नई टीम की भूमिका पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने जैसे मुद्दे भी एजेंडे में शामिल बताए जा रहे हैं।

नितिन नवीन की भाजपा के प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों, प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। इसमें राज्यों में संगठन की स्थिति और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की समीक्षा की जा सकती है।

Govinda Second Marriage : गोविंदा की दूसरी शादी पर मैनेजर का साफ इनकार, सुनीता आहूजा के दावे पर भी दी प्रतिक्रिया

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर कार्यक्रम

बैठक का एक प्रमुख एजेंडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना भी है।

नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने लगातार सार्वजनिक पद पर रहते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

17 अगस्त को घोषित हुई थी नई टीम

भाजपा ने 17 अगस्त को नितिन नवीन के नेतृत्व में 65 सदस्यीय नई टीम की घोषणा की थी। इसमें 51 नए चेहरे शामिल किए गए हैं। नई टीम में बड़े स्तर पर बदलाव को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

नितिन नवीन के साथ नई टीम की यह पहली बैठक आने वाले समय में भाजपा के संगठनात्मक कामकाज की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Spread the love
Advertisement