CG Crime News: शराब बिक्री के विवाद ने लिया हिंसक रूप, पथराव में थाना प्रभारी घायल

रायपुर। Raipur Crime News: राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में रविवार को शराब बिक्री को लेकर विवाद के बाद जमकर हंगामा हो गया। मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान पथराव में खरोरा थाना प्रभारी घायल हो गए, जबकि रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी के शीशे टूट गए।

घटना के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर जांच शुरू कर दी है।

शराब बिक्री को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, पावर प्लांट परिसर में शराब बिक्री को लेकर मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद शुरू हुआ था। शराब बिक्री का विरोध करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ गई।

Advertisement

Flipkart Sale: Realme P4s Lite पर मिल रही भारी छूट, बैंक ऑफर्स के बाद ₹13,166 हुई कीमत

बताया जा रहा है कि इस दौरान छत्तीसगढ़ और बिहार के मजदूरों के बीच भी विवाद की स्थिति बनी। वहीं, स्थानीय ग्रामीण भी प्लांट क्षेत्र में शराब बिक्री का विरोध कर रहे थे।

इसी बीच विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया।

पथराव में सरपंच की गाड़ी क्षतिग्रस्त

घटना की जानकारी मिलने पर रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान हो रहे पथराव की चपेट में उनकी गाड़ी आ गई।

पथराव से वाहन के कांच टूट गए और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी गई।

बीच-बचाव करने पहुंचे TI भी घायल

हंगामे की सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव कर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया।

इसी दौरान हुए पथराव में थाना प्रभारी को भी चोट लग गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया।

CSP ने बताई विवाद की वजह

मामले को लेकर सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि पावर प्लांट में मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बेचने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान सरपंच भी मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान पथराव हुआ, जिसमें उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई।

प्लांट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पावर प्लांट परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। घटना के बाद कुछ समय तक तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

पुलिस अब पथराव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर उनकी भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोबारा किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा बल की तैनाती जारी रहेगी।

Spread the love
Advertisement