रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित प्रिंस ढाबे में सोमवार को प्रशासन की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। प्रशासन की टीम बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ ढाबे को अवैध बताते हुए कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान ढाबा संचालक ने विरोध में खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ढाबे की जमीन के सीमांकन को लेकर विवाद
प्रशासनिक टीम द्वारा ढाबे को अवैध बताते हुए कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान ढाबा संचालक और अधिकारियों के बीच बातचीत शुरू हुई।
Flipkart Sale: Realme P4s Lite पर मिल रही भारी छूट, बैंक ऑफर्स के बाद ₹13,166 हुई कीमत
बताया जा रहा है कि मुख्य विवाद ढाबे की जमीन के सीमांकन को लेकर है। संचालक का आरोप है कि प्रशासन ने जमीन का सीमांकन कराए बिना ही ढाबे के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
संचालक ने यह भी दावा किया कि जमीन से जुड़ा मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद प्रशासन कार्रवाई करने पहुंचा है।
विरोध में संचालक ने खुद पर उड़ेला पेट्रोल
कार्रवाई को लेकर अधिकारियों से बातचीत के बीच ढाबा संचालक ने अचानक खुद पर पेट्रोल डाल लिया और आग लगाने की कोशिश की। इससे मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया।
कोर्ट के आदेश तक कार्रवाई स्थगित
मामले में तहसीलदार ने बताया कि कोर्ट का आदेश आने तक कार्रवाई स्थगित कर दी गई है। प्रशासन और ढाबा संचालक के बीच जमीन के सीमांकन और न्यायालय में लंबित मामले को लेकर विवाद सामने आया है।
फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। कोर्ट के आदेश और जमीन से संबंधित दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।