Chhattisgarh Rail Corridor News: 6.5 टन रेलवे पटरी चोरी का मामला, गैस कटर और सिलेंडर भी जब्त

Chhattisgarh Rail Corridor News: छत्तीसगढ़ में नई रेल लाइन के निर्माण के बीच रेलवे पटरी चोरी का मामला सामने आया है। कोरबा जिले के जटगा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने एक किराए के मकान से करीब 6.5 टन यानी 6,480 किलोग्राम रेलवे पटरी बरामद की है। पुलिस ने मौके से रेलवे पटरी के 36 नग के अलावा गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, घरेलू गैस सिलेंडर और एक स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया है। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

किराए के मकान से 36 नग रेलवे पटरी बरामद

मामला कोरबा जिले के जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक किराए के मकान में बड़ी मात्रा में रेलवे से जुड़ा सामान रखा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी।

तलाशी के दौरान वहां से करीब 6.5 टन वजन की 36 नग कटी हुई रेलवे पटरी बरामद हुई। इसके साथ ही 4 ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और अन्य सामान भी मिला।

Advertisement

रेल कॉरिडोर में काम करने वाली कंपनी से जुड़ा था आरोपी

बताया जा रहा है कि जिस मकान से रेलवे पटरी बरामद हुई, उसे राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। जानकारी के मुताबिक, राजू कुमार छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन के निर्माण कार्य में लगी एक निजी कंपनी में काम करता था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद रेलवे पटरी कहां से चोरी की गई और इसे मकान में लाकर रखने के पीछे किस-किस व्यक्ति की भूमिका थी।

Chanakya Niti Life Lessons: जीवन में आगे बढ़ना है तो 30 से पहले जान लें चाणक्य के ये 9 सिद्धांत

पुलिस की रेड से पहले आरोपी फरार

पुलिस की दबिश की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही रेलवे पटरी चोरी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

रेल विभाग और कंपनी के अधिकारियों को दी गई सूचना

जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि मौके से रेलवे का माल बरामद हुआ है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। रेल विभाग के संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। इसके अलावा नई रेल लाइन का काम कर रही संबंधित कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाया गया है, ताकि बरामद रेलवे सामग्री के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।

चोरी के माल को सीमावर्ती क्षेत्र में खपाने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे पटरी की चोरी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क हो सकता है। सीमावर्ती क्षेत्रों में चोरी के माल को खपाने की संभावना को देखते हुए भी जांच की जा रही है।

कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के अनुसार, बरबसपुर के एक किराए के मकान से 6,480 किलोग्राम वजन की 36 नग रेलवे पटरी बरामद की गई है। मौके से गैस कटर, 4 ऑक्सीजन सिलेंडर, घरेलू गैस सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Spread the love
Advertisement