Major accident in Rajasthan: हाईटेंशन तार छूते ही मशीन में फैला करंट, 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत

Major accident in Rajasthan: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुरवाटी तहसील के छापोली गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर धरना शुरू कर दिया।

कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?

जानकारी के मुताबिक, झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सोमवार को सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इस दौरान बजरी मिलाने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई। बिजली की लाइन छूते ही पूरी मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

इस दर्दनाक हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

CG Rajyotsav 2026 : भारतीय वायुसेना की सारंग टीम का रोमांचक प्रदर्शन, विजय शर्मा और राज्यपाल रमेन डेका ने भी देखा हवाई शो

Advertisement

ग्रामीणों ने शुरू किया धरना

हादसे के बाद छापोली गांव में तनाव का माहौल बन गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया। वहीं, विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा है।

सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख, जांच के निर्देश

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने झुंझुनूं हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए शोक संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने, प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

इस हादसे के बाद सड़क निर्माण के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल घटना की जांच के बाद ही हादसे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

 

Spread the love
Advertisement