Virat Kohli Record: विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का शानदार आगाज किया है। पहले मुकाबले में उन्होंने 51 गेंदों पर 74 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस पारी के साथ ही कोहली ने कई खास उपलब्धियां अपने नाम कीं। अब उनके पास एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। न्यूजीलैंड के खिलाफ अगली पारी में 50 से ज्यादा रन बनाते ही वह पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को पीछे छोड़ सकते हैं।
एक अर्धशतक बनाते ही बाबर आजम को छोड़ देंगे पीछे
विराट कोहली का न्यूजीलैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड रहा है। वह अब तक कीवी टीम के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में कुल 61 मुकाबले खेल चुके हैं। इन मैचों में उनके बल्ले से 47.66 की औसत से 3241 रन निकले हैं। इस दौरान उन्होंने 10 शतक और 17 अर्धशतक लगाए हैं। यानी न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली अब तक 27 बार 50 या उससे ज्यादा रनों की पारी खेल चुके हैं।
वहीं पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में 22 अर्धशतक और 5 शतक लगाए हैं। इस तरह उनके नाम भी कुल 27 फिफ्टी प्लस पारियां दर्ज हैं।
अब विराट कोहली को बाबर आजम से आगे निकलने के लिए सिर्फ एक और 50 प्लस रनों की पारी खेलनी है। ऐसा करते ही वह न्यूजीलैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस पारियां खेलने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। इस खास रिकॉर्ड की रेस में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग भी 27 पारियों के साथ संयुक्त रूप से शामिल हैं।
Ramayana Movie 2026: यश बने रावण तो शरद केलकर ने संभाली आवाज की कमान, बाहुबली से भी है खास कनेक्शन
न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा 50 प्लस पारियां खेलने वाले बल्लेबाज
- बाबर आजम (पाकिस्तान) – 27 पारियां
- विराट कोहली (भारत) – 27 पारियां
- रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) – 27 पारियां
- जो रूट (इंग्लैंड) – 26 पारियां
- सचिन तेंदुलकर (भारत) – 25 पारियां
- जैक कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) – 24 पारियां
सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं कोहली
विराट कोहली के निशाने पर सिर्फ बाबर आजम का रिकॉर्ड ही नहीं है, बल्कि वह भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने के भी करीब हैं।
दरअसल, वनडे क्रिकेट में विराट कोहली अब तक 89 शतकीय साझेदारियों का हिस्सा रह चुके हैं। इस मामले में वह सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे स्थान पर हैं। सचिन के नाम वनडे क्रिकेट में कुल 99 शतकीय साझेदारियां दर्ज हैं।
ऐसे में कोहली को सचिन के इस रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए 10 और शतकीय साझेदारियों की जरूरत है। जिस तरह से कोहली लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, उसे देखते हुए फैंस की नजरें अब उनके अगले मुकाबले पर टिकी रहेंगी।