“बजरंगबली की गदा कांग्रेस पर चल रही…” कृषि मंत्री रामविचार नेताम का तीखा हमला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए बड़ा बयान दिया है। हनुमान जयंती के अवसर पर राम मंदिर पहुंचे नेताम ने कहा कि “बजरंगबली की गदा अब कांग्रेस पर चल रही है और उसका असर साफ दिखाई दे रहा है।” उन्होंने प्रदेशवासियों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं भी दीं।

“राम के आतिथ्य को ठुकराया, वहीं से पतन शुरू”
मंत्री नेताम ने कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम के आतिथ्य को स्वीकार नहीं किया और उसी दिन से उसके पतन की शुरुआत हो गई थी। उन्होंने दावा किया कि अब कांग्रेस की विचारधारा समाप्ति की ओर है और पार्टी को आत्ममंथन करते हुए भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए।

नक्सलवाद पर भी दिया बड़ा बयान
नक्सलवाद के मुद्दे पर नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में नक्सलियों के खात्मे की शुरुआत हो चुकी है और इसकी शुरुआत छत्तीसगढ़ से हुई है। उन्होंने कहा कि “राम राज्य” स्थापित करने का संकल्प पूरा किया जा रहा है, जो बजरंगबली के आशीर्वाद से संभव हो रहा है।

Advertisement

कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर साधा निशाना
कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों पर तंज कसते हुए नेताम ने कहा कि पार्टी को अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं है, इसलिए वह अपने नवनियुक्त जिला अध्यक्षों की मॉनिटरिंग कर रही है। उनके इस बयान से प्रदेश की राजनीति में फिर से बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

खाद संकट के आरोपों पर पलटवार
प्रदेश में खाद संकट को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नेताम ने कहा कि “कांग्रेसियों को कांग्रेस से ही संकट है, देश में खाद की कोई कमी नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा बिचौलियों का समर्थन करती रही है, जिससे ऐसी स्थिति बनती है।

Spread the love
Advertisement