BREAKING NEWS : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक वकील ने ‘हर हर महादेव’ गाने पर खुलेआम तलवार, पिस्टल और फरसा लहराकर इलाके में दहशत फैला दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पॉश कॉलोनी में मचा हड़कंप
घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी रामावैली की है। रविवार (5 अप्रैल) को आरोपी वकील अंशुमन श्रीवास्तव (41) अपने घर के बाहर कार खड़ी कर शराब पी रहा था। इसी दौरान वह हाथ में तलवार, पिस्टल और फरसा लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराने लगा।
वीडियो वायरल, लोगों में डर का माहौल
स्थानीय लोगों ने इस खौफनाक नजारे का वीडियो बनाकर पुलिस को सौंप दिया। वीडियो में आरोपी नशे की हालत में हथियार लहराते और गाने पर झूमते हुए नजर आ रहा है। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
सीएसपी निमितेश सिंह के अनुसार, वीडियो के आधार पर जांच की गई, जिसमें आरोपी की पहचान वकील अंशुमन श्रीवास्तव के रूप में हुई। सूचना मिलते ही चकरभाठा थाना प्रभारी उमेश साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
- आरोपी के घर L-5, मकान नंबर 124 की घेराबंदी की गई
- तलाशी के दौरान 32.5 इंच की तलवार, पिस्टल और फरसा बरामद
- आरोपी को मौके से रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।