CG NEWS : हर गली तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल, महापौर मीनल चौबे ने किया जल बोर्ड का गठन

रायपुर। राजधानी शहर रायपुर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ और सुचारू बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल की गई है। शहर की प्रथम नागरिक महापौर मीनल चौबे के नेतृत्व एवं नगर निगम जल कार्य विभाग के अध्यक्ष संतोष सीमा साहू के मार्गदर्शन में नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और गली में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जल बोर्ड का गठन किया गया है।

इस नवगठित जल बोर्ड के माध्यम से पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। जल आपूर्ति में आ रही बाधाओं, पाइपलाइन लीकेज, कम दबाव की समस्या, टैंकर आपूर्ति तथा नियमित जल वितरण की निगरानी अब जल बोर्ड द्वारा की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है।

Obscene Dance Case : रेस्ट हाउस में अश्लील डांस कांड’ दो वन अधिकारी निलंबित, रेंजर को नोटिस, FIR के आदेश

Advertisement

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि शहरवासियों को पेयजल के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जल बोर्ड के गठन से जल प्रबंधन और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनेगा तथा नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण संभव हो सकेगा।

जल कार्य विभाग के अध्यक्ष संतोष सीमा साहू ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में जल बोर्ड के प्रतिनिधि नियुक्त किए जाएंगे, जो स्थानीय स्तर पर जल आपूर्ति की स्थिति पर नजर रखेंगे और समस्याओं की जानकारी सीधे विभाग तक पहुंचाएंगे। इससे निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी और समाधान भी शीघ्र किया जा सकेगा।

नगर निगम की इस पहल का शहरवासियों ने स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे रायपुर में पेयजल संकट की समस्या काफी हद तक दूर होगी। यह कदम राजधानी रायपुर को एक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

Spread the love
Advertisement