CG NEWS : मनरेगा भुगतान रोककर रिश्वत लेने वाला SDO एसीबी के शिकंजे में, 30 हजार रुपए लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

CG NEWS : जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एसडीओ को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने मनरेगा कार्य का भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पूरे मामले की चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कपरोल में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों का भुगतान पिछले छह महीनों से लंबित था। आरोप है कि संबंधित एसडीओ संजय दिवाकर ने भुगतान प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए पूर्व उपसरपंच से 70 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। लगातार मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसीबी को दी।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता जब रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 30 हजार रुपए देने पहुंचा, तभी एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर एसडीओ को रंगे हाथों पकड़ लिया।

Advertisement

18 June 2026 Horoscope : ऐसा रहेगा आज राशियों का हाल और ग्रहों की चाल, जानिए अपना राशिफल

बताया जा रहा है कि मनरेगा के तहत किए गए कार्यों का भुगतान लंबे समय से रुका हुआ था, जिससे पंचायत और संबंधित हितग्राही परेशान थे। आरोप है कि भुगतान फाइल को आगे बढ़ाने और राशि जारी करने के बदले अधिकारी द्वारा अवैध रकम की मांग की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एसीबी की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई से सरकारी तंत्र में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।

फिलहाल एसीबी की टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love
Advertisement