Food Poisoning : जश्न के बाद अस्पताल पहुंचे तीन डिवीजन के अफसर, फूड पॉइजनिंग से बिगड़ी 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत

Food Poisoning , बिलासपुर | दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन में आयोजित तीन दिवसीय ‘स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट’ के समापन समारोह में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रात का भोजन करने के बाद 100 से अधिक अधिकारी और उनके परिजन अचानक बीमार पड़ गए। मामला फूड पॉइजनिंग का बताया जा रहा है। आनन-फानन में सभी प्रभावितों को इलाज के लिए रेलवे केंद्रीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

Food Poisoning : जश्न के बाद अस्पताल पहुंचे तीन डिवीजन के अफसर, फूड पॉइजनिंग से बिगड़ी 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत

तीन दिनों से चल रहा था उत्सव

बिलासपुर डिवीजन द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बिलासपुर के अलावा रायपुर और नागपुर डिवीजन सहित मोतीबाग एवं जोन के विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों ने हिस्सा लिया था। आयोजन के लिए सेकेरसा ग्राउंड, रेलवे नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट और न्यू रेल क्लब ऑडिटोरियम जैसे प्रमुख स्थानों को चुना गया था। रविवार को इस कार्यक्रम का अंतिम दिन था, जिसमें शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद शानदार भोज का आयोजन किया गया था।

देर रात बिगड़ी तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार, समापन समारोह के बाद न्यू रेल क्लब ऑडिटोरियम और अन्य स्थानों पर अधिकारियों व उनके परिवार के सदस्यों ने भोजन किया। देर रात करीब 1 बजे के बाद अचानक कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमारों की संख्या बढ़ने लगी, जिससे रेल प्रशासन में खलबली मच गई।

Advertisement

जांच के घेरे में कैटरिंग व्यवस्था

इस बड़ी लापरवाही के बाद अब रेलवे प्रशासन के खान-पान प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि भोजन की गुणवत्ता खराब होने या संक्रमण के कारण यह स्थिति पैदा हुई। जोन के उच्च अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और भोजन के सैंपल लैब भेजने की तैयारी की जा रही है।

Spread the love
Advertisement