Jaipur Road Accident , जयपुर। राजधानी जयपुर में शुक्रवार देर रात रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक नजारा देखने को मिला। मानसरोवर के भीड़भाड़ वाले इलाके में रेसिंग कर रही एक ऑडी कार ने ऐसा कहर बरपाया कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही ऑडी कार पहले अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगी फूड स्टॉल्स में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 16 लोग इसकी चपेट में आ गए। चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Jaipur Road Accident : VIDEO सामने आया तेज रफ्तार ऑडी ने 16 को मारी टक्कर, एक की गई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त सड़क किनारे फूड स्टॉल्स पर 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। अचानक तेज आवाज के साथ ऑडी कार डिवाइडर से टकराई और उछलते हुए सीधे लोगों की भीड़ में घुस गई। कार ने एक के बाद एक कई लोगों को रौंद दिया और आखिरकार एक पेड़ से टकराकर रुकी। हादसा इतना भीषण था कि कुछ लोग दूर जा गिरे, जबकि कई घायल सड़क पर तड़पते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को आईसीयू में रखा गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। मृतक की पहचान की प्रक्रिया चल रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑडी कार तेज रफ्तार में रेसिंग कर रही थी। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि हादसे में शामिल कार का इंश्योरेंस नहीं था। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। चालक के नशे में होने की आशंका को देखते हुए मेडिकल जांच भी कराई जा रही है।