RailOne App : भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और टिकटिंग व्यवस्था को और अधिक सरल, सुरक्षित एवं डिजिटल बनाने की दिशा में एक बड़ा फैसला लिया है। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक घोषणा के अनुसार 1 मार्च से अनारक्षित टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला UTS मोबाइल ऐप पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इसके स्थान पर अब केवल ‘RailOne ऐप’ ही अनारक्षित टिकटों की बुकिंग के लिए एकमात्र अधिकृत मोबाइल एप्लीकेशन होगा।
RailOne App : 1 मार्च से लागू होंगे नए नियम, UTS यूजर्स को RailOne पर करना होगा शिफ्ट

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह बदलाव देशभर में एक समान टिकटिंग प्लेटफॉर्म लागू करने और यात्रियों को बेहतर डिजिटल अनुभव देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। RailOne ऐप के जरिए यात्रियों को न सिर्फ अनारक्षित टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी, बल्कि इसमें कई अतिरिक्त फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
RailOne ऐप की खासियतें
RailOne ऐप को रेलवे ने एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया है। इस ऐप पर अनारक्षित टिकट बुकिंग के साथ-साथ यात्री ट्रेन से जुड़ी कई सेवाओं का लाभ एक ही जगह पर उठा सकेंगे। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार RailOne ऐप पर टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी, जिससे यात्रियों की जेब पर थोड़ा बोझ कम होगा।

क्यों बंद किया जा रहा है UTS ऐप?
UTS ऐप पिछले कई वर्षों से अनारक्षित टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन तकनीकी उन्नयन और नई सुविधाओं को जोड़ने के लिए रेलवे ने सभी सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि एक से अधिक ऐप्स के कारण यात्रियों को भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता था, जिसे खत्म करने के लिए RailOne को लॉन्च किया गया है।
