कटगी में दहशत का खेल: कांग्रेस नेता पर 10 हजार का इनाम, पुलिस ने जारी किए पोस्टर

बलौदाबाजार: जिले के कसडोल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कटगी में कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। कसडोल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष भागवत थवाईत अब पुलिस के लिए “वांटेड” बन चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने पोस्टर जारी कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

दो दिन में बढ़ा विवाद, गांव में दहशत
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को भागवत थवाईत ने अपने साथियों के साथ ग्रामीणों से मारपीट की। मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अगले ही दिन बुधवार को कटगी के सर्वा मोड़ के पास फिर से हुड़दंग की घटना सामने आई। रात होते-होते हालात और बिगड़ गए, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

Chhattisgarh Crime News : 5 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी की कोशिश , बोरे के अंदर मिली मासूम, आरोपी हिरासत में

Advertisement

ग्रामीणों का आक्रोश, पिता पुलिस के हवाले
लगातार घटनाओं से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी के पिता को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद गांव में तनाव बढ़ गया, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

तलवार और फायरिंग के गंभीर आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि 8 अप्रैल की रात आरोपी और उसके पिता ने साथियों के साथ मिलकर गांव में दहशत फैलाने की कोशिश की। इस दौरान तलवार लहराने और कट्टे से फायरिंग की कोशिश भी की गई। हालांकि पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।

अवैध शराब कनेक्शन की जांच
मामले में अवैध शराब बिक्री का पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि हाईवे किनारे स्थित एक ढाबे में लंबे समय से अवैध शराब बेची जा रही थी, जिसकी शिकायतें पहले भी मिल चुकी थीं। समय पर कार्रवाई नहीं होने से स्थिति बिगड़ने की बात सामने आ रही है।

पुलिस व्यवस्था पर सवाल
शहर थाना से महज 10 किलोमीटर दूर इस तरह की घटनाएं सामने आना पुलिस की पेट्रोलिंग और खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर शुरुआती शिकायतों पर सख्ती बरती जाती, तो हालात इतने गंभीर नहीं होते।

Spread the love
Advertisement