CG NEWS : कोरबा जिले में निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सहित दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उरगा थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब मस्तूरी से बारात जा रही एक कार अनियंत्रित होकर खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में जा गिरी और तीन बार पलट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी निवासी एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक व वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपनी कार (क्रमांक सीजी 10 बीएफ 9922) से बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। कार में उनके साथ मस्तूरी के शिवम ऑटोमोबाइल एजेंसी के संचालक ढालू अग्रवाल (विराट), मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला राम साहू और चालक राहुल मौजूद थे। चारों गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा क्षेत्र पहुंचे थे।
बताया गया कि इससे पहले सभी बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में एक अन्य शादी समारोह में शामिल हुए थे और वहीं से बालको के लिए रवाना हुए थे। शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटक जाने के कारण उनकी कार निर्माणाधीन लेन में उतर गई। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार खाई में जा गिरी, जहां वह तीन बार पलट गई।
हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला राम साहू और चालक राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे दोस्तों ने तत्काल घायलों को बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।