CG NEWS: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में तालाब में मछली पकड़ने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तालाब में मछली मारने को लेकर हुई थी। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। दोनों ओर से लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कुल 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।