Chhattisgarh News :छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने प्रदेशभर में करीब 19 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। मानसून समाप्त होते ही इन परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा।
बारिश के बाद शुरू होंगे बड़े निर्माण कार्य
विभाग के अनुसार, बारिश के चलते निर्माण कार्यों पर फिलहाल रोक रहती है, लेकिन मौसम साफ होते ही वर्क ऑर्डर जारी कर परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं को अभी से तेज किया जा रहा है, ताकि देरी न हो।
NEET UG Solver Gang : बायोमेट्रिक सिस्टम को ऐसे दिया चकमा, 30 गिरफ्तारियों से मचा हड़कंप
सड़क, पुल और भवन निर्माण को प्राथमिकता
जारी निविदाओं में सड़कों, पुल-पुलियों, पहुंच मार्ग और शासकीय भवन निर्माण से जुड़े कुल 19 विकास कार्य शामिल हैं। इनकी कुल अनुमानित लागत लगभग 19,007.58 लाख रुपए बताई गई है। सभी टेंडर राज्य सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से आमंत्रित किए गए हैं।
इन जिलों में होंगे प्रमुख कार्य
सबसे बड़ी परियोजना कोटा-लोरमी पथरिया मार्ग के उन्नयन और डामरीकरण की है, जिसकी लागत 8,402.65 लाख रुपए रखी गई है। इसके अलावा—
- राजनांदगांव-गौरैयापार मार्ग पर पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण
- मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण
- कोरबा जिले के कटघोरा-छुरी मार्ग पर पुल निर्माण
- महासमुंद में अंग्रेजी माध्यम आदर्श विद्यालय भवन
- सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर में सड़क व पुल-पुलिया निर्माण
जशपुर जिले में दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण और दुलदुला क्षेत्र में मिनी स्टेडियम व इंडोर हॉल निर्माण शामिल है।
निविदा की अंतिम तिथियां तय
PWD के अनुसार, निविदा दस्तावेज डाउनलोड करने की अंतिम तिथि 1 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि अन्य निविदाओं को जमा करने की अंतिम तिथि 3 जुलाई तय की गई है।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।