Deepti Sharma: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 का आगाज शानदार जीत के साथ किया। टीम इंडिया ने रविवार को ग्रुप ए के मुकाबले में थाइलैंड को 94 रन से मात दी। इस मुकाबले में शेफाली वर्मा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए 64 रन बनाए, जबकि गेंद से दीप्ति शर्मा ने ऐसा कमाल किया कि उनका नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया।
दीप्ति शर्मा ने 7 गेंदों में झटके 3 विकेट
दीप्ति शर्मा ने थाइलैंड के खिलाफ महज 7 गेंदें फेंकी और एक भी रन दिए बिना 3 विकेट अपने नाम किए। उनका गेंदबाजी प्रदर्शन 3 विकेट पर 0 रन रहा। इस शानदार प्रदर्शन के साथ दीप्ति महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं।
दीप्ति के अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 171 विकेट हो गए हैं। उन्होंने थाइलैंड की थिपाटचा पुथावोंग को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 170 विकेट हैं।
150वें टी20 इंटरनेशनल मैच में बनाया रिकॉर्ड
दीप्ति शर्मा के लिए यह मुकाबला इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने अपना 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेला। वह 150 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली भारत की तीसरी महिला क्रिकेटर बनीं। उनसे पहले यह उपलब्धि हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना हासिल कर चुकी हैं।
भारत ने 94 रन से दर्ज की बड़ी जीत
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 159 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 36 गेंदों में 64 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए। स्मृति मंधाना ने 19, जबकि डेब्यू कर रहीं प्रतिका रावल ने 22 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाइलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 16.1 ओवर में सिर्फ 65 रन पर ऑलआउट हो गई। विकेटकीपर बल्लेबाज नानाफत कोंचारोएंकई ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए।
नंदनी शर्मा ने भी बरपाया कहर
दीप्ति शर्मा के अलावा नंदनी शर्मा ने भी शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। श्री चरणी को 2 विकेट मिले, जबकि क्रांति गौड़ ने एक विकेट हासिल किया।
इस तरह भारतीय टीम ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया कप में अपनी पहली जीत दर्ज की। वहीं, दीप्ति शर्मा ने अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन के दम पर महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया।