Nepal flood: 903 शव, 4,247 लापता… नेपाल बाढ़ के बीच डूबे बैंक से मिला 50 करोड़ का खजाना और डेढ़ करोड़ कैश

Nepal flood: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। इसी बीच नुवाकोट के त्रिशूली स्थित कृषि विकास बैंक की बाढ़ में डूबी शाखा से करीब 50 करोड़ नेपाली रुपये मूल्य का सोना-चांदी और डेढ़ करोड़ नेपाली रुपये नकद बरामद किया गया है। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में बरामद कीमती सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।

8 घंटे की मशक्कत के बाद बरामद हुआ सोना और कैश

भोटेकोशी नदी के किनारे स्थित कृषि विकास बैंक की त्रिशूली-ढुंगे शाखा 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ की चपेट में आ गई थी। बाढ़ का पानी बैंक परिसर में भर जाने के बाद आशंका थी कि वहां रखा नकदी और कीमती सामान बह गया होगा।

सैलाब का पानी कम होने के बाद रविवार को पुलिस और रेस्क्यू टीम ने बैंक परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब 8 घंटे तक चले अभियान के बाद टीम ने बैंक से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी, करीब डेढ़ करोड़ नेपाली रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए। बरामद सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।

Advertisement

नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही

नेपाल बाढ़ ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। नेपाल के गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के 31 अगस्त की सुबह 9 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 903 शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं 4,247 लोगों के लापता होने की सूचना दर्ज है।

बरामद शवों में नुवाकोट से 95, रसुवा से 24, धादिङ से 55, गोरखा से 62, नवलपरासी पूर्व से 207, नवलपरासी पश्चिम से 151, तनहुँ से 37 और चितवन से 272 शव शामिल हैं। इनमें कई अज्ञात शव और मानव अवशेष भी हैं।

10 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 10,451 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। नेपाली सेना के हवाई बचाव अभियान में 252 विदेशी नागरिकों और 3,344 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया है। 30 अगस्त तक जलविद्युत परियोजनाओं से 15 चीनी और 7 भारतीय नागरिकों को भी बचाया गया।

रेस्क्यू अभियान के लिए अब तक 411 हेलीकॉप्टर उड़ानें संचालित की जा चुकी हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य के लिए नेपाल पुलिस, सेना और सशस्त्र पुलिस बल के कुल 20,819 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।

Vastu Tips : मंदिर में रखी ऐसी मूर्तियां बन सकती हैं वास्तु दोष का कारण, घर की सुख-समृद्धि पर पड़ सकता है असर

267 लोग घायल, अस्पतालों में रखे गए अज्ञात शव

बाढ़ में अब तक 267 लोगों के घायल होने की जानकारी है, जिनमें से 156 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। प्रभावित इलाकों में छह सर्जिकल मेडिकल टीमें भी तैनात की गई हैं।

वहीं, पहचान नहीं हो पाने वाले शवों को अलग-अलग जिलों के 21 अस्पतालों में रखा गया है। शवों की पहचान और उनके प्रबंधन का काम जारी है।

टनल में फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिश जारी

बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई जलविद्युत परियोजनाओं और टनल में मजदूर फंसे हुए हैं। त्रिशूली हाइड्रोपावर समेत कई जगहों पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। टनल के भीतर करीब 4 से 5 फीट तक गीला मलबा जमा होने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

नेपाल में राहत और बचाव अभियान के साथ-साथ लापता लोगों की तलाश भी जारी है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी सामान और ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।

Spread the love
Advertisement