नई दिल्ली:Election Commission Meeting: चुनाव आयोग ने अपने कामकाज और चुनावी व्यवस्था को लेकर शनिवार को हुई बैठक में 9 अहम फैसले लिए। आयोग ने बैठक की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय किए हैं। इनमें बैठकों से पहले एजेंडा साझा करने और बैठक के बाद फैसलों का रिकॉर्ड तैयार करने से जुड़े निर्णय शामिल हैं।
बैठकों से पहले साझा किया जाएगा एजेंडा
चुनाव आयोग के मुताबिक, अब बैठकों से पहले संबंधित एजेंडा साझा किया जाएगा। बैठक में जिन मुद्दों पर चर्चा होनी है, उनकी जानकारी पहले से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा बैठकों में लिए गए फैसलों का रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा।
IT मॉड्यूल और पोर्टल की होगी समीक्षा
आयोग ने नए IT मॉड्यूल और पोर्टल को लागू करने से पहले उनकी समीक्षा करने का भी फैसला लिया है। इसका उद्देश्य चुनावी कामकाज में इस्तेमाल होने वाली तकनीकी व्यवस्थाओं को लागू करने से पहले उनकी प्रक्रिया और कार्यप्रणाली की जांच करना है।
बैठक में CEC समेत तीनों चुनाव आयुक्त रहे मौजूद
शनिवार को हुई चुनाव आयोग की बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के अलावा निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी मौजूद रहे। बैठक में आयोग के कामकाज और चुनावी व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और कुल 9 फैसले लिए गए।
केसी वेणुगोपाल के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट का मामला
इस बीच केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल के खिलाफ कथित आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट को लेकर भी मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।