CG NEWS : राजनांदगांव/झारखंड। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार, 13 अक्टूबर को हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि नौ महीने का एक बच्चा सुरक्षित बच गया। घायलों को जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत, 3 की मौत
जानकारी के मुताबिक, परिवार 13 अक्टूबर की सुबह कार से छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से जमशेदपुर जा रहा था। इसी दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में कुदापी डाउन के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक की कार से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) की मौत हो गई। तीनों एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
दो लोग गंभीर रूप से घायल, 9 महीने का बच्चा सुरक्षित
इस दुर्घटना में हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान कार में सवार नौ महीने का एक बच्चा सुरक्षित बच गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से राजनांदगांव में शोक का माहौल है।
घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल रेफर कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को जब्त कर लिया है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में केस दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इस भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरा सदमा दिया है। नौ महीने के बच्चे का सुरक्षित बच जाना राहत की बात है, लेकिन परिवार के तीन सदस्यों की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।