Sonia Gandhi Autobiography: सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग’ लॉन्च, इंदिरा गांधी के स्वभाव को लेकर किए बड़े खुलासे

Sonia Gandhi Autobiography: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी सास और देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के स्वभाव को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) मंगलवार को बाजार में आ गई है। इस किताब में उन्होंने गांधी परिवार में बहू के रूप में अपने शुरुआती दिनों से लेकर निजी जिंदगी और राजनीति तक के कई अनसुने किस्से साझा किए हैं।

सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी का गुस्सा काफी सख्त होता था। जब वह किसी बात से नाराज हो जाती थीं, तो सामने वाले को अलग-अलग तरीकों से अपनी नाराजगी का सामना करना पड़ता था। कभी किसी कर्मचारी को कमरे के कोने में खड़ा कर दिया जाता था, तो कभी किसी वरिष्ठ नेता को दीवार की तरफ मुंह करके खड़े रहने की सजा मिलती थी।

स्टाफ और नेताओं को इस तरह देती थीं सजा

समाचार एजेंसी के अनुसार, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि गांधी परिवार में आने के बाद उन्हें इंदिरा गांधी के गुस्से ने सबसे ज्यादा हैरान किया था। उनके गुस्से से घर का स्टाफ भी काफी सहमा रहता था।

Advertisement

सोनिया ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक कर्मचारी जरूरी मीटिंग की याद दिलाना भूल गया था। यह पहली बार नहीं हुआ था, इसलिए नाराज होकर इंदिरा गांधी ने उसे कमरे के एक कोने में खड़ा कर दिया। वहीं, एक अन्य घटना में उन्होंने एक व्यक्ति को दीवार की तरफ मुंह करके खड़े देखा था। बाद में पता चला कि वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे और उन्हें इंदिरा गांधी ने यह सजा दी थी।

CG News : होटल कारोबारी दीपक टंडन की बढ़ीं मुश्किलें, पत्नी बरखा समेत दोनों के खिलाफ एक और FIR दर्ज’ जानिए क्या है पूरा मामला

खाने की टेबल पर भी दिखता था इंदिरा गांधी का गुस्सा

सोनिया गांधी ने बताया कि संसद में विपक्ष के साथ तीखी बहस होने के बाद कई बार इंदिरा गांधी का गुस्सा घर में भी दिखाई देता था। एक बार तो उन्होंने गुस्से में खाने की मेज पर रखी अपनी थाली को जोर से दूसरी तरफ खिसका दिया था।

सोनिया के मुताबिक, ऐसे घटनाक्रम उन्हें डरा देते थे और उन्हें अपने पिता के गुस्से की याद दिलाते थे। जहां वह घबरा जाती थीं, वहीं राजीव गांधी और संजय गांधी शांत रहते थे। राजीव उन्हें समझाते थे कि ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इंदिरा गांधी थोड़ी देर बाद सामान्य हो जाएंगी।

उन्होंने लिखा कि उस समय वह अपनी कुर्सी पर बैठकर कांपती रहती थीं। हालांकि, गुस्सा शांत होने के बाद इंदिरा गांधी को कई बार अपने व्यवहार पर पछतावा भी होता था। लेकिन अगर किसी सहयोगी ने उनका भरोसा तोड़ा हो, तो वह उसे आसानी से माफ नहीं करती थीं।

साड़ियों और पुरानी तस्वीरों से दूर करती थीं तनाव

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में इंदिरा गांधी के एक अलग पक्ष का भी जिक्र किया है। उनके अनुसार, तनाव और गुस्से से राहत पाने के लिए इंदिरा गांधी घर के छोटे-मोटे कामों में व्यस्त हो जाती थीं।

वह अपनी वरिष्ठ स्टाफ सदस्य एमी कृष्णा से पुरानी तस्वीरों के बक्से मंगवाती थीं और उन्हें तारीखों के अनुसार व्यवस्थित करती थीं। इसके अलावा, उन्हें अपनी साड़ियों और कश्मीरी शॉल को सहेजने का भी खास शौक था।

वह साड़ियों को उनके मूल स्थान और प्रकार के आधार पर अलग-अलग रखती थीं। कुछ अच्छी साड़ियां, जिन्हें उन्होंने कम पहना होता था, रिश्तेदारों को उपहार देने के लिए अलग रख दी जाती थीं।

राहुल और प्रियंका को देखकर पिघल जाता था दादी का गुस्सा

सोनिया गांधी के मुताबिक, दादी बनने के बाद इंदिरा गांधी के स्वभाव में भी बदलाव आने लगा था। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बड़े होने के साथ उनके गुस्से और तनाव के पल काफी कम हो गए थे।

कई बार बच्चों को ही यह देखने के लिए भेजा जाता था कि दादी का मूड कैसा है। सोनिया लिखती हैं कि राहुल और प्रियंका की छोटी-सी मुस्कान या मासूम सवाल से इंदिरा गांधी का गुस्सा तुरंत शांत हो जाता था। बच्चों के साथ समय बिताना उन्हें सुकून देता था।

544 पन्नों की किताब में सोनिया ने साझा किए जिंदगी के कई किस्से

हार्परकॉलिंस इंडिया द्वारा प्रकाशित सोनिया गांधी की 544 पन्नों की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में उनके जीवन के कई अहम पड़ाव शामिल हैं। इसमें द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में बिताया गया बचपन, राजीव गांधी से शादी, गांधी परिवार में शुरुआती दिन, पति की हत्या और राजनीति में प्रवेश जैसे अनुभवों का जिक्र किया गया है।

इस किताब के जरिए सोनिया गांधी ने गांधी परिवार की निजी जिंदगी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व के ऐसे पहलुओं को सामने रखा है, जिनके बारे में आमतौर पर कम चर्चा होती है।

Spread the love
Advertisement