Air Pollution in India: दिवाली के बाद दिल्ली-NCR में बिगड़े हालात, कई इलाकों का AQI 400 पार, सुप्रीम कोर्ट सख्त

Air Pollution in India: देशभर में दिवाली के बाद वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। राजस्थान से लेकर दिल्ली-NCR और मध्य प्रदेश तक कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई है। हालात ऐसे हैं कि दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 49 शहर भारत के शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह 9:54 बजे राजस्थान का श्रीगंगानगर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 821 दर्ज किया गया। वहीं, पाकिस्तान का लाहौर 430 AQI के साथ इस सूची में 14वें स्थान पर रहा।

दिल्ली-NCR से मध्य प्रदेश तक प्रदूषण का कहर

दिवाली के बाद राजधानी दिल्ली की हवा भी जहरीली बनी हुई है। मंगलवार सुबह 6 बजे चांदनी चौक का AQI 400 के पार पहुंच गया, जबकि दिल्ली के कई अन्य इलाकों में भी AQI 300 से अधिक दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश के भोपाल और उज्जैन के साथ हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के पार पहुंच गया। उत्तर प्रदेश के नोएडा में AQI 332, बुलंदशहर में 331 और गाजियाबाद में 324 दर्ज किया गया। इसके अलावा बागपत में भी AQI 305 तक पहुंच गया।

Advertisement

प्रदूषण के साथ ही कई राज्यों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा रही है। मध्य प्रदेश में रात का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

कितना AQI होने पर खतरनाक मानी जाती है हवा?

एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI से हवा में प्रदूषण के स्तर का पता चलता है। इसके अलग-अलग स्तरों के आधार पर हवा की गुणवत्ता तय की जाती है।

  • 0 से 50 AQI: अच्छी हवा
  • 51 से 100 AQI: संतोषजनक
  • 101 से 200 AQI: मध्यम
  • 201 से 300 AQI: खराब
  • 301 से 400 AQI: बहुत खराब
  • 401 से 500 AQI: गंभीर

गंभीर श्रेणी का प्रदूषण स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी असर डाल सकता है। वहीं, सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति ज्यादा जोखिम भरी हो सकती है।

Trump announces end of war with Iran: ट्रंप का बड़ा दावा, ईरान की 85% निर्माण क्षमता तबाह, अब नहीं करेंगे हमला

सुप्रीम कोर्ट ने 4 राज्यों से मांगा जवाब

दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी चिंता जताई है। कोर्ट ने गाड़ियों से निकलने वाले धुएं में तेजी से हो रही बढ़ोतरी पर नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल कदम उठाने की जरूरत बताई है।

चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची व वी. मोहना की बेंच ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सरकारों के साथ MCD और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है।

सुप्रीम कोर्ट ने पूछा है कि तय उम्र पूरी कर चुकी और प्रदूषण मानकों का पालन नहीं करने वाली गाड़ियों की आवाजाही रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। इसके अलावा ऐसी गाड़ियों की पहचान, जांच और PUC सर्टिफिकेट की अनिवार्यता को प्रभावी तरीके से लागू करने के बारे में भी जानकारी मांगी गई है।

कोर्ट ने कमर्शियल और निजी वाहनों के लिए लागू नियमों तथा उनके पालन की व्यवस्था का ब्योरा भी तलब किया है। खासतौर पर पड़ोसी राज्यों से दिल्ली-NCR में प्रवेश करने वाली गाड़ियों पर नजर रखने के उपायों की जानकारी मांगी गई है।

कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

एक तरफ उत्तर भारत के कई शहर प्रदूषण से परेशान हैं, तो दूसरी तरफ देश के कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु के थूथुकुडी समेत कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मंगलवार को बारिश हो सकती है। वहीं, आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में तेज हवाएं चलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में प्रदूषण बढ़ा, दो दिन बाद बढ़ेगी ठंड

उत्तर प्रदेश में दिवाली के बाद आतिशबाजी के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। मंगलवार को नोएडा का AQI 332, बुलंदशहर का 331, गाजियाबाद का 324 और बागपत का 305 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के बाद प्रदेश में ठंड बढ़ने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में ठंड का असर, पारा 11 डिग्री से नीचे

मध्य प्रदेश में दिवाली के बाद ठंड ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में पहली बार न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। कटनी जिले के करौंदी में रात का तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, अगले चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

Spread the love
Advertisement