Chhath Puja 2026 Date : 13 नवंबर से शुरू होगा महापर्व, जानें नहाय-खाय, खरना और अर्घ्य तक चारों दिनों की तारीख

Chhath Puja 2026 Date : नई दिल्ली। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा इस साल 13 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित यह चार दिवसीय पर्व देशभर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। खासतौर पर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में छठ पूजा की विशेष धूम रहती है। इस दौरान व्रती परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।

छठ महापर्व में साफ-सफाई, सात्विक भोजन, पारंपरिक प्रसाद और सूर्य देव को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है और समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत के पारण के साथ होता है। आइए जानते हैं छठ पूजा 2026 का पूरा कैलेंडर और चारों दिनों की विशेष परंपराएं।

छठ पूजा 2026 की चार दिनों की पूरी तारीख

हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल छठ महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। चारों दिनों में अलग-अलग धार्मिक परंपराएं निभाई जाएंगी।

Advertisement

Violence in Bangladesh: बांग्लादेश में फिर मचा बवाल, छात्रों से भरी बस पर पेट्रोल बम से हमला, 19 गिरफ्तार

  • 13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय

  • 14 नवंबर, शनिवार: खरना

  • 15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य (डूबते सूर्य की पूजा)

  • 16 नवंबर, सोमवार: उषा अर्घ्य (उगते सूर्य की पूजा) और व्रत पारण

नहाय-खाय: 13 नवंबर से होगी शुरुआत

छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती सुबह स्नान करके घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई करते हैं। इसके बाद पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ भोजन तैयार किया जाता है।

परंपरा के अनुसार, इस दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल का सेवन किया जाता है। इसी दिन से छठ पूजा के कठिन नियमों का पालन शुरू हो जाता है।

खरना: 14 नवंबर को रखा जाएगा व्रत

छठ पूजा के दूसरे दिन खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को सूर्य देव की पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है।

खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करते हैं। इस दौरान अन्न और जल का सेवन नहीं किया जाता।

संध्या अर्घ्य: 15 नवंबर को डूबते सूर्य की होगी पूजा

छठ पूजा के तीसरे दिन यानी 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन श्रद्धालु नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे छठ घाटों पर पहुंचते हैं।

व्रती पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। बांस के सूप और टोकरी में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य प्रसाद सजाकर सूर्य देव की आराधना की जाती है।

उषा अर्घ्य: 16 नवंबर को होगा व्रत का पारण

छठ महापर्व का अंतिम दिन 16 नवंबर को होगा। इस दिन सुबह सूर्योदय से पहले व्रती छठ घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसे उषा अर्घ्य कहा जाता है।

सूर्य देव को अर्घ्य देने और छठी मैया की पूजा करने के बाद व्रती अपने 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।

छठ पूजा में प्रसाद का विशेष महत्व

छठ पूजा में ठेकुआ सबसे प्रमुख पारंपरिक प्रसाद माना जाता है। इसके अलावा नारियल, केला, गन्ना, मौसमी फल और अन्य सात्विक पकवान पूजा में शामिल किए जाते हैं। मान्यता है कि पूरी श्रद्धा, पवित्रता और नियमों के साथ छठ व्रत करने से सूर्य देव और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

Spread the love
Advertisement