Major statement by PM Modi: डीजल की कीमत में ₹43 का बोझ सरकार ने खुद उठाया, पीएम मोदी ने बताया पूरा गणित

Major statement by PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हितों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आने के बावजूद केंद्र सरकार ने किसानों पर इसका पूरा बोझ नहीं डाला। डीजल की कीमत में करीब 50 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी करने की जरूरत थी, लेकिन सरकार ने केवल 7 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। बाकी 43 रुपये का बोझ सरकार खुद उठा रही है। प्रधानमंत्री ने यह बात गुरुवार को दिल्ली में आयोजित ‘किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026’ के दौरान कही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 75% उछाल

पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के असर का जिक्र करते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। इस दौरान कच्चे तेल की कीमतों में करीब 75 प्रतिशत की तेजी आई।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी के कारण डीजल की कीमत में लगभग 50 रुपये प्रति लीटर तक इजाफा करना पड़ सकता था। हालांकि, सरकार ने किसानों और आम लोगों को राहत देने के लिए डीजल की कीमत में केवल 7 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। बाकी 43 रुपये का आर्थिक बोझ सरकार ने खुद उठाया।

Advertisement

CG NEWS : 18 नवंबर को होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक, शीतकालीन सत्र के अनुपूरक बजट पर लगेगी मुहर’ कई प्रस्तावों पर हो सकता है फैसला

किसानों को सस्ती खाद उपलब्ध कराने पर खर्च किए 16 लाख करोड़ रुपये

कृषि क्षेत्र और किसानों की आर्थिक स्थिति पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उर्वरकों की उपलब्धता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने किसानों को सस्ती दरों पर खाद उपलब्ध कराने के लिए करीब 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

उन्होंने कहा कि खेती की लागत कम रखना और किसानों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को राहत देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में गरीबी और ग्रामीण विकास से जुड़े आंकड़ों का भी उल्लेख किया। विश्व बैंक के एक शोध का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 से 13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी कम होने की रफ्तार अपेक्षाकृत अधिक रही है। पीएम मोदी ने कहा कि कृषि केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि यह भारत की संस्कृति और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार भी है।

आधुनिक कृषि से साकार होगा विकसित भारत का सपना

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कृषि क्षेत्र का आधुनिकीकरण बेहद जरूरी है। खेती में नई तकनीक, बेहतर संसाधनों और आधुनिक तरीकों को अपनाकर किसानों की आय और कृषि उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है।

उन्होंने जोर दिया कि कृषि क्षेत्र को मजबूत किए बिना ग्रामीण अर्थव्यवस्था का विकास संभव नहीं है। सरकार का प्रयास किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने का है।

Spread the love
Advertisement