MS Dhoni Retirement : आसमान में दिखा माही का हेलीकॉप्टर शॉट, जर्सी नंबर-7 और ‘Thala Forever’ ने भावुक किए फैंस

MS Dhoni Retirement :  नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी के IPL से संन्यास की खबर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपने चहेते ‘थाला’ को खास अंदाज में सम्मान दिया। चेन्नई के ऐतिहासिक एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में धोनी के सम्मान में शानदार ड्रोन शो आयोजित किया गया। रात के आसमान में माही की तस्वीर, उनका मशहूर हेलीकॉप्टर शॉट और जर्सी नंबर-7 ने फैंस को भावुक कर दिया।

ड्रोन शो में दिखी धोनी की शानदार क्रिकेट यात्रा

CSK की ओर से आयोजित इस विशेष ड्रोन शो की शुरुआत धोनी की तस्वीर और ‘For Our Thala’ संदेश के साथ हुई। इसके बाद आसमान में शेर का चेहरा उभरा, जो चेन्नई सुपर किंग्स की पहचान है। फिर धोनी के चेहरे की तस्वीर दिखाई गई।

ड्रोन के जरिए धोनी के मशहूर हेलीकॉप्टर शॉट और स्टंप गिराने वाले अंदाज को भी प्रदर्शित किया गया। इसके बाद उनकी प्रतिष्ठित जर्सी नंबर-7 दिखाई दी और आसमान में ‘Thala Forever’ का संदेश जगमगा उठा। कार्यक्रम के दौरान टीम में मेंटर के रूप में उनकी नई भूमिका का भी स्वागत किया गया।

Advertisement

Indian Army Uniform 2026: भारतीय सेना में फिर लौटेंगी पुरानी परंपराएं, वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी में होगा बदलाव

17 सीजन तक CSK की पहचान रहे धोनी

महेंद्र सिंह धोनी IPL की शुरुआत यानी 2008 से ही चेन्नई सुपर किंग्स का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने बतौर कप्तान और खिलाड़ी 17 सीजन तक टीम का प्रतिनिधित्व किया। उनकी कप्तानी में CSK ने पांच बार IPL का खिताब अपने नाम किया। टीम ने 10 बार फाइनल में जगह बनाई और 12 बार प्लेऑफ तक पहुंची।

धोनी ने 2024 में कप्तानी की जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी थी, लेकिन खिलाड़ी के रूप में टीम से जुड़े रहे।

IPL करियर में बनाए 5439 रन

महेंद्र सिंह धोनी ने अपने IPL करियर में कुल 278 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से 5439 रन बनाए। उनके बल्ले से 24 अर्धशतक निकले।

अब खिलाड़ी के रूप में उनका IPL सफर समाप्त होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स में मेंटर की भूमिका निभाने की बात कही गई है। धोनी के लिए आयोजित इस खास ड्रोन शो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि चेन्नई के प्रशंसकों के दिलों में ‘थाला’ की जगह कितनी खास है।

Spread the love
Advertisement