CG Weather Today: रायपुर में छाए रहेंगे बादल, कई जिलों में होगी बारिश; 25 डिग्री तक रहेगा अधिकतम तापमान

रायपुर। CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर दिखाई देने लगा है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में सक्रिय रहे इस चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 21 नवंबर को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर को कमजोर होकर गहरे अवदाब में तब्दील हो गया। मौसम प्रणाली अब उत्तर दिशा की ओर बढ़ रही है। अगले कुछ घंटों में इसके और कमजोर होकर अवदाब तथा फिर स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना है।

Advertisement

CG Naxal News : जंगल में छिपाकर रखा नक्सलियों का डंप बरामद, सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता’ आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर कार्रवाई

इस मौसमी सिस्टम का प्रभाव छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में देखने को मिल सकता है। इसके चलते कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 21 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शहर के एक-दो स्थानों पर बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ के इन 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के सात जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें शामिल हैं:

  • बलरामपुर
  • जांजगीर-चांपा
  • जशपुर
  • रायगढ़
  • सक्ती
  • सारंगढ़-बिलाईगढ़
  • सरगुजा

इन जिलों के अलावा प्रदेश के अन्य कई इलाकों में भी मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश?

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सरगुजा और अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

इन इलाकों में दर्ज की गई बारिश

प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश के आंकड़े इस प्रकार हैं:

  • 3 सेंटीमीटर: नया बाराद्वार।
  • 2 सेंटीमीटर: बसना, छुरा, बागबाहरा और मालखरौदा।
  • 1 सेंटीमीटर: सरायपाली, पिथौरा, शिवरीनारायण, कोमाखान, चंद्रपुर, बम्हनीडीह, महासमुंद, नवागढ़, गरियाबंद, गोबरा नवापारा, भोथिया, राजिम, हसौद और पलारी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों बाद भी प्रदेश के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम में होने वाले बदलावों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

Spread the love
Advertisement