CG Road Accident : भीषण सड़क हादसा, एक ही गांव के 3 लोगों की मौके पर मौत; रामनाम सप्ताह में जा रहे थे तीनों

CG Road Accident सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में रविवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में भजन गाने जा रहे थे। इसी दौरान डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर तेज रफ्तार यात्री बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास की है। यात्री बस रायपुर से डभरा की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार तीनों लोग सक्ती से चंद्रपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे तीनों

जानकारी के मुताबिक, ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) रविवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने निकले थे। तीनों धार्मिक आयोजन में भजन गायन की प्रस्तुति देने वाले थे।

Advertisement

CG News : बस्तर को मिल सकती है वंदे भारत ट्रेन की सौगात, जगदलपुर में बनेगा कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो’ रेल कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

लेकिन रास्ते में छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास मुस्कान यात्री बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल के मुताबिक, हादसे के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया है। पुलिस उसकी भूमिका और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

एक साथ तीन मौतों से गांव में पसरा मातम

ग्राम दर्री के तीन लोगों की एक साथ मौत होने से पूरे गांव में शोक का माहौल है। तीनों धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने और भजन गाने के उद्देश्य से घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए दर्दनाक हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। घटना के बाद मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Spread the love
Advertisement