रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए आज एक नई पहल की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को महानदी भवन (मंत्रालय) में कैबिनेट बैठक के बाद CM हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वे हेल्पलाइन कॉल सेंटर का अवलोकन भी करेंगे।
इस हेल्पलाइन के शुरू होने से प्रदेश के नागरिकों को अपनी शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचाने का एक सशक्त और आसान माध्यम मिलेगा। अब आम जनता अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर दर्ज करा सकेगी।
सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक सफाई व्यवस्था में लापरवाही, पेंशन से संबंधित समस्याएं, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने से इनकार, सरकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत की मांग, बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार जैसे कई गंभीर मुद्दों की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा, नागरिक अपनी शिकायतों की स्थिति भी आधिकारिक पोर्टल के जरिए ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे।
सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि कोई भी नागरिक इस सुविधा से वंचित न रहे। इसके लिए कॉल के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप चैटबॉट जैसी विभिन्न माध्यमों से भी शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
राज्य सरकार का उद्देश्य केवल शिकायतों का औपचारिक निपटारा करना नहीं, बल्कि निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। इस पहल से शासन-प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ने और आम जनता का विश्वास मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
CM हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत को सुशासन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे प्रदेश में जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया और अधिक सशक्त और जवाबदेह बनेगी।