नागोया: India vs Japan T20: भारत और जापान के बीच मंगलवार को सानो क्लब में ऐतिहासिक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर जापान में बसे भारतीयों में खासा उत्साह है। खास बात यह है कि जापान में रहने वाली बिहार-झारखंड की कम्युनिटी ने भारतीय खिलाड़ियों वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन के स्वागत की खास तैयारी की है। दोनों क्रिकेटरों को घर के स्वाद वाला लिट्टी-चोखा खिलाने की तैयारी है।
जापान में बसे हैं बिहार-झारखंड के कई लोग
बिहार के मूल निवासी अभिषेक आनंद ने बताया कि जापान में बिहार और झारखंड के कई लोग आईटी सेक्टर में काम कर रहे हैं। अभिषेक खुद आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद जापान में एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। वह जापान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के लिए भी खेल चुके हैं। हालांकि भारत के खिलाफ होने वाले इस विशेष मुकाबले के लिए उन्हें जापान के स्क्वाड में जगह नहीं मिली है।
वैभव-ईशान के लिए बनेगा लिट्टी-चोखा
अभिषेक आनंद ने बताया कि जापान में रहने वाली बिहार-झारखंड की कम्युनिटी भारतीय खिलाड़ियों को घर जैसा माहौल देना चाहती है। उन्होंने कहा कि यहां बड़ी संख्या में बिहार और झारखंड के लोग रहते हैं और उनकी अपनी कम्युनिटी एसोसिएशन भी है। कम्युनिटी के लोग वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन के लिए घर पर बनी लिट्टी-चोखा तैयार करने को तैयार हैं।
टेनिस बॉल क्रिकेट से शुरू हुआ सफर
अभिषेक आनंद की क्रिकेट यात्रा भी दिलचस्प रही है। उन्होंने बिहार में टेनिस बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया था। आईआईटी कानपुर पहुंचने के बाद उन्होंने लेदर बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह नौकरी के लिए जापान चले गए। साल 2021 में जापान में क्रिकेट के प्रति उनका जुड़ाव और मजबूत हुआ। स्थानीय क्लब में पंजीकरण कराने के बाद उन्होंने करीब दो साल में अपनी जगह बनाई और जापान की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने का मौका हासिल किया।
ED के बाद आयकर विभाग का बड़ा एक्शन, सूर्यकांत तिवारी का मकान सील
18 टी20 इंटरनेशनल में बनाए 275 रन
अभिषेक आनंद ने पिछले साल मई में कुक आइलैंड के खिलाफ अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने 18 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 275 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 55 रन है। क्रिकेट के साथ-साथ वह अपनी नौकरी भी जारी रखे हुए हैं।
सानो क्लब की धीमी पिच पर स्पिनर्स को मिल सकती है मदद
अभिषेक आनंद ने सानो क्लब की पिच को लेकर भी अपनी राय साझा की। उनके मुताबिक यहां की पिच धीमी है और स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। वहीं नागोया में तैयार की गई क्रिकेट पिच पर बेहतर उछाल मिलने की उम्मीद है। सोशल मीडिया पर नागोया में 400-500 रन बनने की चर्चाओं को उन्होंने सही नहीं बताया।
टीम इंडिया को सपोर्ट करने पहुंचेंगे भारतीय फैंस
जापान में रहने वाले भारतीय फैंस टीम इंडिया के मुकाबले देखने के लिए उत्साहित हैं। अभिषेक आनंद के अनुसार भारत के सभी मैचों में भारतीय समर्थकों की बड़ी मौजूदगी देखने को मिल सकती है। भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर भी फैंस में विशेष उत्साह है और पुरुष क्रिकेट के फाइनल में दोनों टीमों के आमने-सामने होने की उम्मीद जताई जा रही है।