इंदौर/शिलॉन्ग। चर्चित राजा Raja Raghuvanshi Murder Case में बड़ा अपडेट सामने आया है। कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को कोर्ट से जमानत मिल गई है। मामले की पुष्टि मृतक के भाई विपिन रघुवंशी ने की है।
यह सनसनीखेज वारदात मई 2025 में सामने आई थी, जब राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून पर मेघालय गए थे। दोनों के अचानक लापता होने के बाद 2 जून को खाई से राजा का शव बरामद हुआ था, जिससे हत्या का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि सोनम ने अपने प्रेमी राज और उसके साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने हत्या को लूट की घटना दिखाने की भी कोशिश की थी। घटना के बाद सोनम को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसका प्रेमी राज शिलॉन्ग जेल में बंद है।
करीब 11 महीने जेल में रहने के बाद अब सोनम को अदालत से राहत मिली है। इस फैसले के बाद मामले ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं।