BREAKING NEWS : लखनऊ।’ के कैसरबाग स्थित पुराने हाईकोर्ट भवन के आसपास रविवार सुबह अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में वकील सड़क पर उतर आए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और वकीलों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे से प्रशासन और नगर निगम की टीम ने पुराने हाईकोर्ट परिसर के चारों ओर बने अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान किसी भी विरोध की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल पहले से तैनात किया गया था।
वकीलों ने किया जोरदार विरोध
कार्रवाई शुरू होते ही कई वकील मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। वकीलों का आरोप था कि बिना उचित सूचना के कार्रवाई की जा रही है। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस को प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कैसरबाग और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
फिलहाल मौके पर तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में होने का दावा किया है।