CG NEWS : नकली नाटक, असली मौत’ रील बनाने के दौरान नवविवाहिता की गई जान, मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ पूरा घटनाक्रम

CG NEWS : रायगढ़। सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का जुनून एक नवविवाहिता के लिए जानलेवा साबित हो गया। शहर के कोष्टापारा नया गंज मोहल्ले में 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके घर के कमरे में सीलिंग फैन से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय वह मोबाइल पर वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी और पूरा घटनाक्रम उसके फोन में कैद हो गया।

जानकारी के अनुसार मृतका की हाल ही में शादी हुई थी और वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती थी। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान वह किसी नाटकीय दृश्य की रील बनाने की कोशिश कर रही थी। इसी बीच हादसा हो गया और उसकी मौत हो गई। जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो महिला को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए।

भूपेश बघेल को हाईकोर्ट से राहत नहीं, अब मेरिट पर होगी सुनवाई

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि मोबाइल में रिकॉर्ड वीडियो से घटना के कारणों और परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोन से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह पूरी तरह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की होड़ में जोखिम भरे स्टंट और रील बनाने के बढ़ते चलन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love
Advertisement