Mahadev App Case : सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की CBI रिमांड खत्म, 12 नवंबर को रायपुर कोर्ट में होगी पेशी; ED भी कर सकती है पूछताछ

Mahadev App Case :रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। 8 दिनों की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद उसे गुरुवार, 12 नवंबर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। CBI के अधिकारी उसे दिल्ली से रायपुर ला सकते हैं। इस पेशी पर सबकी नजरें टिकी हैं, क्योंकि कोर्ट में यह तय होगा कि CBI आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं।

यदि CBI आगे की रिमांड नहीं मांगती है, तो प्रवर्तन निदेशालय (ED) सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए अपने वारंट पर कार्रवाई की मांग कर सकता है। ऐसे में मामले की जांच में ED की भूमिका फिर सक्रिय हो सकती है।

CBI की रिमांड खत्म होने के बाद ED की तैयारी

पिछली सुनवाई के दौरान ED ने कोर्ट में आवेदन देकर सौरभ चंद्राकर के खिलाफ जारी वारंट को लागू कराने और उससे पूछताछ की अनुमति मांगी थी। हालांकि, उस समय सौरभ CBI की कस्टोडियल रिमांड पर था। इस वजह से कोर्ट ने ED के आवेदन को समय से पहले दाखिल यानी प्रीमैच्योर मानते हुए स्वीकार नहीं किया था।

Advertisement

अब 8 दिन की CBI रिमांड पूरी होने के बाद ED दोबारा कोर्ट में आवेदन पेश कर सकता है। यदि CBI आगे की रिमांड नहीं मांगती है, तो ED अपने वारंट पर कार्रवाई और पूछताछ की अनुमति के लिए कोर्ट का रुख कर सकता है।

CG NEWS : होटल कारोबारी की पत्नी बरखा टंडन गिरफ्तार, इधर सक्ती में दीपक टंडन के खिलाफ एक और FIR दर्ज’ बढ़ीं मुश्किलें

सट्टा नेटवर्क और हवाला लेनदेन की जांच

CBI ने रिमांड के दौरान सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए कथित लेनदेन और प्रोटेक्शन मनी से जुड़े आरोपों पर पूछताछ की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ऑनलाइन सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों तथा अन्य लोगों की भूमिका रही।

2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज की गई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। जांच में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मुख्य आरोपी के तौर पर चिन्हित किया गया।

CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। एजेंसी ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के जरिए हुए कथित लेनदेन की जांच कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने मामले से जुड़ी 13 FIR की जांच CBI को सौंपी थी। इनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

वहीं, ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच कर रही है और सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है।

2023 से दुबई में रह रहा था सौरभ चंद्राकर

CBI के मुताबिक, महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच शुरू होने के बाद से सौरभ चंद्राकर फरार था। वह वर्ष 2023 से दुबई में रह रहा था। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।

अब 12 नवंबर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में होने वाली पेशी अहम मानी जा रही है। इस दौरान यह स्पष्ट होगा कि CBI आगे की पूछताछ के लिए रिमांड मांगती है या ED को भी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ का अवसर मिलता है।

Spread the love
Advertisement