Ketan Agrawal Murder Case : सिया गोयल-चेतन ने पहले सुपारी किलर से किया था संपर्क, बड़ा खुलासा

पुणे। Ketan Agrawal Murder Case: केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने हत्या को अंजाम देने से पहले एक सुपारी किलर से भी संपर्क किया था। हालांकि, जब उस व्यक्ति को केतन अग्रवाल और पूरे मामले की जानकारी मिली तो उसने हत्या की सुपारी लेने से इनकार कर दिया।

होटल में हुई थी मुलाकात, CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगा

जांच के दौरान पता चला कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित सुपारी किलर को पुणे के एक होटल में बुलाकर मुलाकात की थी। पुलिस ने होटल का सीसीटीवी फुटेज भी बरामद कर लिया है, जिसमें आरोपियों की गतिविधियां कैद होने की बात कही जा रही है।

पुलिस अब इस व्यक्ति को मामले में महत्वपूर्ण गवाह के रूप में अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।

Advertisement

पुलिस पूछताछ से बचने के लिए देखे जापानी वीडियो

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए दोनों आरोपियों ने पुलिस से बचने की रणनीति बनाई थी। पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन ने करीब दो घंटे लंबे जापानी वीडियो देखे थे।

इन वीडियो में पुलिस पूछताछ के दौरान शांत रहने, चेहरे के हाव-भाव नियंत्रित रखने और सवालों के जवाब किस तरह देने हैं, इसकी जानकारी दी गई थी। पुलिस को आरोपियों की वेब हिस्ट्री से इन वीडियो के लिंक भी मिले हैं।

गुजरात ATS का बड़ा एक्शन, पिछले महीने पकड़े गए आरोपियों से जुड़े 5 और गिरफ्तार

400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 18 जून को सिया गोयल और चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को पुणे के लोहगढ़ किले पर बुलाया और कथित रूप से करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामले में दोनों आरोपी फिलहाल येरवडा केंद्रीय जेल में न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

केतन के पिता ने रिश्ता कराने वालों की जांच की मांग की

मृतक के पिता विशाल अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में कहा कि उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

उन्होंने कहा, “मैंने अपने इकलौते बेटे की शादी कर उसके लिए बहू लाने का सपना देखा था, लेकिन आज मेरा बेटा हमारे बीच नहीं है। बेटे के निधन के सदमे में मेरे पिता का भी निधन हो गया।”

विशाल अग्रवाल ने आरोप लगाया कि मित्तल परिवार ने ही सिया गोयल का रिश्ता उनके बेटे से कराया था। उनके अनुसार, मित्तल परिवार ने लड़की की गारंटी लेते हुए उसे संस्कारी बताया था। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले में रिश्ता कराने वाले परिवार की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाए।

पुलिस जुटा रही हर सबूत

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, वेब हिस्ट्री, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। यदि नए तथ्य सामने आते हैं तो जांच का दायरा और बढ़ाया जा सकता है।

Spread the love
Advertisement