Ram Mandir CEO Interview : 5200 आवेदनों के बाद 18 उम्मीदवार फाइनल, पहले दिन 9 ने दिया इंटरव्यू

अयोध्या: Ram Mandir CEO Interview:  श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के CEO (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) पद के लिए अंतिम चरण का इंटरव्यू मंगलवार से शुरू हो गया। इस महत्वपूर्ण पद के लिए पूर्व IAS अधिकारी योगेश्वर राम मिश्र और पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय समेत करीब 9 उम्मीदवारों ने पहले दिन साक्षात्कार दिया। उम्मीदवारों से मंदिर प्रशासन, प्रबंधन, वित्तीय व्यवस्था और उनके पूर्व अनुभव से जुड़े सवाल पूछे गए।

उम्मीदवारों से पूछे गए कई अहम सवाल

इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों की प्रशासनिक और प्रबंधकीय क्षमता को परखने के साथ-साथ उनसे प्रभु रामलला के प्रति आस्था से जुड़े सवाल भी पूछे गए। इसके अलावा मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने, वित्तीय प्रबंधन और पूर्व में की गई तैनाती से संबंधित अनुभव के बारे में भी जानकारी ली गई।

हर उम्मीदवार का इंटरव्यू करीब एक घंटे या उससे अधिक समय तक चला।

Advertisement

पूर्व IAS और IPS अधिकारी भी दौड़ में

राम मंदिर CEO पद के लिए इंटरव्यू देने वालों में अयोध्या के पूर्व जिलाधिकारी एवं मंडलायुक्त रहे योगेश्वर राम मिश्र और पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय भी शामिल हैं। राजेश पांडेय को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के रूप में भी जाना जाता है।

12 August 2026 Horoscope : इस राशि के जातकों को मिलने वाली है आज नई जिम्मेदारियां, जानिए अपना राशिफल

5200 से अधिक लोगों ने किया था आवेदन

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने CEO पद के लिए 13 जुलाई को आवेदन आमंत्रित किए थे। आवेदन की अंतिम तारीख 18 जुलाई थी। इस दौरान करीब 5200 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त लोगों के अलावा निजी क्षेत्र में अनुभव रखने वाले उम्मीदवार भी शामिल थे।

आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद करीब 54 उम्मीदवारों का प्राथमिक इंटरव्यू लिया गया। इसके बाद लगभग 18 उम्मीदवारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए चुना गया है।

2 सितंबर को होगा CEO के नाम पर फैसला

CEO पद के लिए तीन सदस्यीय चयन समिति गठित की गई है। समिति में सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, डॉ. सुरेश हावड़े और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी शामिल हैं।

अंतिम इंटरव्यू के बाद चयन समिति तीन सबसे योग्य उम्मीदवारों का पैनल तैयार करके ट्रस्ट को सौंपेगी। इसके बाद 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में इन नामों पर विचार किया जाएगा और राम मंदिर के CEO का चयन किया जाएगा।

12 अगस्त तक चलेगा इंटरव्यू

अंतिम साक्षात्कार की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हुई है और बुधवार यानी 12 अगस्त तक चलेगी। पहले दिन करीब नौ उम्मीदवारों ने इंटरव्यू दिया, जबकि बाकी उम्मीदवारों को बुधवार को बुलाया गया है। इंटरव्यू रामजन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र के सभागार में आयोजित किया जा रहा है।

Spread the love
Advertisement