PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, इतिहास, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्त भारत और अंतरिक्ष क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात की। पीएम मोदी ने कहा कि देश में प्रतिभाशाली और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने वाले युवा क्रिएटर्स की कोई कमी नहीं है।
इतिहास को रोचक तरीके से समझने में मदद करेगी वेबसाइट
‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने मुंबई के कृष्णा शेषाद्रि द्वारा तैयार की गई bharatrajya.com वेबसाइट का जिक्र किया। उन्होंने युवाओं से इस वेबसाइट के जरिए भारत के इतिहास को समझने की अपील की।
पीएम मोदी ने बताया कि वेबसाइट पर कोई भी व्यक्ति एक साल का चयन कर यह जान सकता है कि उस समय भारत के अलग-अलग हिस्सों में किसका शासन था। उन्होंने कहा कि कृष्णा शेषाद्रि की यह पहल इतिहास के छात्रों के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी उपयोगी है और इतिहास को दिलचस्प तरीके से समझने में मदद करती है।
‘भारत को ड्रग्स मुक्त बनाना है’
प्रधानमंत्री ने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए देशवासियों से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि नशे की लत का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए स्वस्थ वातावरण बनाने पर जोर दिया।
PM स्वनिधि योजना में महिलाओं की बड़ी भागीदारी
पीएम मोदी ने PM स्वनिधि योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए लाखों माताओं और बहनों को अपने कारोबार को आगे बढ़ाने की ताकत मिल रही है।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, PM स्वनिधि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं। देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के इस पहलू की जितनी चर्चा होनी चाहिए, उतनी नहीं होती।
CNG Price Hike: दिल्ली-NCR में फिर महंगी हुई CNG, जानें नए रेट और क्यों बढ़ाई गई कीमत
Mission ShaktiSAT का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Mission ShaktiSAT की उपलब्धियों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि इस मिशन के माध्यम से 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी सीखने और इनोवेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे के मौके पर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में इस मिशन की एक शानदार तस्वीर देखने को मिली। पीएम मोदी ने इसे छात्राओं की वैज्ञानिक सोच और अंतरिक्ष क्षेत्र में बढ़ती भागीदारी का उदाहरण बताया।
युवाओं की प्रतिभा को मंच देने पर जोर
‘मन की बात’ के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यह कार्यक्रम नए प्रयासों और देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कामों को सामने लाने का मंच है। उन्होंने युवाओं की रचनात्मकता और नए प्रयोगों की सराहना करते हुए कहा कि भारत में यंग क्रिएटर्स और इनोवेटर्स की कमी नहीं है।