Asian Games 2026: नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम एक बार फिर स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी, जबकि जसप्रीत बुमराह भी टीम का हिस्सा हैं। भारतीय क्रिकेट टीम की तैयारियों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने अपनी राय साझा की है।
गावस्कर का मानना है कि भारत के पास एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम है और टीम एक बार फिर गोल्ड मेडल जीत सकती है। उन्होंने साथ ही युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी अहम बात कही।
एशियन गेम्स 2026 में भारत के सामने बड़ी चुनौती
एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबले 19 सितंबर से जापान के आइची-नागोया में खेले जाएंगे। गावस्कर ने कहा कि क्रिकेट को ज्यादा लोकप्रिय बनाने के लिए ओलंपिक और एशियाई खेल जैसे बड़े आयोजनों का फायदा उठाना जरूरी है।
पिछले एशियाई खेलों में भारतीय महिला और पुरुष क्रिकेट टीमों ने स्वर्ण पदक जीता था। गावस्कर को उम्मीद है कि भारतीय टीम इस बार भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम करेगी।
जसप्रीत बुमराह के चयन का गावस्कर ने किया समर्थन
एशियन गेम्स 2026 के लिए जसप्रीत बुमराह के चयन को सुनील गावस्कर ने सही फैसला बताया। उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अभी काफी समय है। ऐसे में बुमराह को इन मुकाबलों में गेंदबाजी करने का मौका मिलना उनके लिए फायदेमंद होगा।
गावस्कर के मुताबिक किसी तेज गेंदबाज के लिए लगातार कुछ ओवर गेंदबाजी करते रहना जरूरी है, ताकि उसकी लय बनी रहे। उन्होंने मोहम्मद सिराज का उदाहरण देते हुए कहा कि पर्याप्त क्रिकेट नहीं खेलने से गेंदबाज अपनी सर्वश्रेष्ठ लय हासिल करने में परेशानी महसूस कर सकता है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर गावस्कर को भरोसा
सुनील गावस्कर ने कप्तान श्रेयस अय्यर की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अय्यर के पास कप्तानी का अच्छा अनुभव है। वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स जैसी टीमों की कप्तानी कर चुके हैं।
गावस्कर का मानना है कि भारत की कप्तानी करते समय उम्मीदों का दबाव जरूर रहता है, लेकिन श्रेयस अय्यर के अनुभव को देखते हुए उन्हें एशियन गेम्स में अतिरिक्त दबाव महसूस नहीं होना चाहिए।
वैभव सूर्यवंशी पर क्या बोले सुनील गावस्कर?
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर गावस्कर ने कहा कि टी-20 क्रिकेट में किसी बल्लेबाज से हर मैच में लगातार प्रदर्शन की उम्मीद करना मुश्किल होता है। उनके मुताबिक वैभव ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से 10 पारियों में तीन-चार मैच अकेले दम पर जिता सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बाकी मुकाबलों में भले ही वैभव बड़ी पारी नहीं खेल पाएं, लेकिन वह टीम को तेज और अच्छी शुरुआत देने में सक्षम हैं। यही उनकी सबसे बड़ी ताकत हो सकती है।
आसान नहीं होगी भारत की राह
गावस्कर ने भारतीय टीम को आगाह करते हुए कहा कि एशियन गेम्स में मुकाबला आसान नहीं होगा। बांग्लादेश शानदार फॉर्म में है, पाकिस्तान हमेशा खतरनाक टीम रही है और श्रीलंका भी टी-20 क्रिकेट में मजबूत है। इसके अलावा अफगानिस्तान को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
ऐसे में एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया को गोल्ड मेडल जीतने के लिए हर मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।