Raipur Ganesh Visarjan Jhanki : रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी आज रात 9 बजे शारदा चौक से शुरू होगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद यह रायपुर की पहली बड़ी गणेश विसर्जन झांकी होगी। इसके लिए करीब 2000 पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है।
शाम 6 बजे से बदलेगा ट्रैफिक प्लान
गणेश विसर्जन झांकी को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शाम 6 बजे से झांकी मार्ग पर बैरिकेडिंग कर कई सड़कें बंद की जाएंगी और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी शाम 5 बजे से शुरू हो जाएगी।
तीन लेयर में होगी सुरक्षा, ड्रोन से निगरानी
झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को तीन लेयर में बांटा गया है। झांकी मार्ग पर कई वॉच टावर बनाए गए हैं, जहां से पुलिसकर्मी भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से भी पूरे रूट की निगरानी की जाएगी।
संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं पर नजर रखने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था भी की गई है। एसीसीयू क्राइम ब्रांच की 20 टीमें भी तैनात रहेंगी।
6 जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया झांकी मार्ग
गणेश विसर्जन झांकी के पूरे रूट को 6 सुरक्षा जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी डीसीपी के नेतृत्व में एडिशनल डीसीपी और अन्य पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है।
ये रहेगा गणेश झांकी का रूट
गणेश विसर्जन झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से शुरू होगी। इसके बाद झांकी:
जयस्तंभ चौक → मालवीय रोड → कोतवाली चौक → सदर बाजार → कंकाली तालाब रोड → पुरानी बस्ती → लाखेनगर → सुंदरनगर → रायपुरा → महादेवघाट
की ओर जाएगी।
शराब दुकानें शाम 4 बजे से रहेंगी बंद
विसर्जन झांकी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर नगर निगम क्षेत्र के साथ बिरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा क्षेत्र की देशी-विदेशी शराब दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार, शाम 4 बजे से शराब दुकानों को सील किया जाएगा। आबकारी विभाग की ओर से यह कदम नशे में हंगामा और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।
सदर बाजार में 10 जर्जर मकान सील
झांकी मार्ग के सदर बाजार क्षेत्र में नगर निगम ने निरीक्षण के दौरान 10 जर्जर मकानों को नोटिस देकर सील किया है। इन मकानों की छतों पर लोगों के चढ़ने पर रोक रहेगी और पुलिस जवानों की तैनाती भी की जाएगी।
सदर बाजार क्षेत्र में साउंड सिस्टम की आवाज नियंत्रित रखने के निर्देश दिए गए हैं। ध्वनि स्तर की जांच के लिए मशीनें भी लगाई जाएंगी। 50 डेसिबल से अधिक ध्वनि स्तर पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था
झांकी देखने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
- तेलीबांधा, पंडरी और राजातालाब: शहीद स्मारक भवन के पास पार्किंग
- कटोरा तालाब और टिकरापारा: गांधी मैदान के पास पार्किंग
- मठपारा और पुरानी बस्ती: इंडोर स्टेडियम के पास पार्किंग
- विवेकानंद आश्रम, लाखेनगर, समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी: ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट में पार्किंग
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और झांकी मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।