CG News : रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में एक आवारा सांड के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि सांड ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 15 लोगों पर हमला किया, जिसमें पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल समेत कई लोग घायल हुए हैं।
घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांड बच्चे को गोद में लिए एक बुजुर्ग पर अचानक हमला करता दिखाई दे रहा है। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं कल्पना पटेल को भी चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैंक्विलाइजर डार्ट से सांड को किया काबू
लगातार हमलों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सांड को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया और ट्रैंक्विलाइजर डार्ट की मदद से उसे बेहोश कर सुरक्षित तरीके से काबू में लिया गया।
CG Weather Today : प्रदेश में अगले 3 दिन बारिश के आसार, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी
घटना के बाद गौ सेवकों ने सांड के रेबीज से संक्रमित होने की आशंका जताई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
आवारा पशुओं की समस्या पर उठे सवाल
घटना को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने चिंता जताते हुए राजधानी में आवारा पशुओं की समस्या पर सरकार और नगर प्रशासन को घेरा। उन्होंने आवारा पशुओं के आतंक का स्थायी समाधान करने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में आवारा पशुओं के कारण लगातार हादसों और हमलों का खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।