CG NEWS : नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर 25 लाख की ठगी, सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

CG NEWS : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सरकारी नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली लोगों का करीबी बताते हुए लोगों को झांसे में लिया। इनमें से एक आरोपी ने खुद को गृह मंत्री का निज सहायक बताकर एक युवक से 70 हजार रुपये ले लिए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गृह मंत्री का निज सहायक बताकर लिया 70 हजार

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी बोस्टो तांडी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि आरोपी संतराम यादव और आदित्य मोहन पंडा ने प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का दावा करते हुए सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया।

CG News : रायपुर में आवारा सांड का आतंक, 15 लोगों पर हमला; बच्चे को गोद में लिए बुजुर्ग को भी बनाया निशाना

Advertisement

आरोप है कि आदित्य मोहन पंडा ने खुद को गृह मंत्री का निज सहायक बताकर नौकरी लगवाने के नाम पर प्रार्थी से 70 हजार रुपये लिए, लेकिन नौकरी नहीं लगाई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी की।

15 लोगों से करीब 25 लाख लेने का आरोप

शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ के बाद कमल विहार निवासी आदित्य मोहन पंडा (23) और हिमालया हाईट्स, देवपुरी निवासी संतराम यादव (38) को हिरासत में लिया।

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है।

पुलिस कर रही आरोपियों से पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी के इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और आरोपियों ने किन-किन लोगों से रकम ली है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

Spread the love
Advertisement