कई नेताओं और ध्रुव राठी को हिरासत में लेने की जानकारी
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को मुंबई से आई फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। उनके साथ CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस अपने साथ ले गई।
हिरासत में लिए जाने से पहले अभिजीत दीपके ने कहा कि वह गिरफ्तार होने के लिए ही दिल्ली आए हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
वहीं, यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार और CPM सांसद जॉन ब्रिटास को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई।
CG NEWS : शासकीय जमीन दूसरे किसान के नाम दर्ज करने समेत कई मामलों में 5 पटवारी निलंबित
बैरिकेडिंग तोड़ने और पथराव का आरोप
प्रदर्शन के दौरान दोपहर करीब एक बजे इम्तियाज अली मार्ग पर आकाशवाणी भवन के पास तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार की और पुलिस पर पत्थर फेंके। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। प्रदर्शनकारियों पर बैरिकेडिंग तोड़ने का भी आरोप है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया और कई लोगों को हिरासत में लिया। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी के सिर में भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR रोकने की मांग
CJP मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया रोकने की मांग कर रही है।
इन्हीं मांगों को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन की योजना बनाई गई थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई और बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।