तमिलनाडु: Tirupparankundram Deepam Controversy: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद शनिवार को एक अहम मोड़ पर पहुंच गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद ऐतिहासिक पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया। इस दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। दीप प्रज्वलित होते ही श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने जयकारे लगाकर और पटाखे फोड़कर अपनी खुशी जाहिर की।
दो सेवानिवृत्त जजों की निगरानी में संपन्न हुआ अनुष्ठान
सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त मद्रास हाई कोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन शनिवार को चेन्नई से मदुरै पहुंचे। दोनों न्यायाधीशों की निगरानी में दीप प्रज्वलन की पारंपरिक प्रक्रिया पूरी की गई।
इस दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ मिट्टी के दीये, बाती और घी पहाड़ी की तलहटी तक ले जाया गया। विशेष पूजा-अर्चना के बाद तांबे का पारंपरिक ‘कोप्पराई’ पात्र पुजारियों को सौंपा गया। दीप जलाने के लिए लगभग 30 ग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और 5 किलोग्राम कपूर का इस्तेमाल किया गया। इसके लिए पत्थर के स्तंभ पर अस्थायी मंच और मचान भी तैयार किया गया था।
CRPF और RAF के जवानों ने संभाली सुरक्षा
कार्तिगई दीपम अनुष्ठान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पहाड़ी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद CRPF की एक कंपनी और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया गया।
दरगाह के आसपास करीब 50 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया गया था। हालांकि, श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए दरगाह में प्रवेश की व्यवस्था भी खुली रखी गई। प्रशासन की निगरानी में पूरे धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को लगाई थी फटकार
तिरुप्परनकुंद्रम दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने पहले दिए गए अपने आदेश का पालन नहीं होने पर तमिलनाडु सरकार के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी। कोर्ट ने मामले में राजनीतिक दबाव में काम करने को लेकर सवाल उठाए थे। इसके साथ ही मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) समेत 15 लोगों को अवमानना नोटिस जारी किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी को निलंबित कर प्रशासनिक व्यवस्था दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति को सौंप दी गई थी। इसके बाद शनिवार को न्यायिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच दीपथून पर दीप प्रज्वलित किया गया।
क्या है तिरुप्परनकुंद्रम कार्तिगई दीपम विवाद?
दरअसल, तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने के स्थान को लेकर विवाद चल रहा था। परंपरागत रूप से यह दीप पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है।
वहीं, कुछ हिंदू संगठनों की मांग थी कि दीप को पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में मौजूद प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर भी जलाया जाए। यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह के नजदीक स्थित है। इसी स्थान को लेकर विवाद बढ़ता गया और मामला अदालत तक पहुंच गया।
अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद दीपथून पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया। इस घटनाक्रम के बाद श्रद्धालुओं ने खुशी जाहिर की और इसे धार्मिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर बताया।