CG Crime News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत से सनसनी फैल गई। दोनों वारदातें डीडी नगर थाना क्षेत्र में सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में चाकू से हमला किया गया था। घटनाओं के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पिछले 20 दिनों में राजधानी में हत्या की कई घटनाएं सामने आने से कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
महादेव घाट रोड पर युवक की मौत
पहली घटना महादेव घाट रोड की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टिकेंद्र ने सुमीत बाजार के सामने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों के बीच विवाद के बाद टिकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया।
CG Weather Today : प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर, 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी
हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टिकेंद्र पर वार कर दिया। घटना में टिकेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। वहीं घायल कैलाश को उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंगोराभांठा में भी चाकूबाजी
दूसरी घटना रविवार रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभांठा में हुई। पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि युवकों ने मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पांच आरोपी गिरफ्तार
डीडी नगर पुलिस ने दोनों घटनाओं के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। पुलिस अन्य संदिग्धों और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
दोनों मामलों में BNS की हत्या, बलवा सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, वारदात के कारण और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।