CG Mahtari Vandan Yojana : रायपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त के रूप में बड़ी सौगात दी है। 7 अगस्त 2026 को जारी 30वीं किस्त के साथ प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अब तक 19,444 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। त्योहार से पहले खाते में पहुंची इस राशि से महिलाओं में खासा उत्साह है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में संचालित महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से दी जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके आत्मविश्वास व आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
रक्षाबंधन से पहले खाते में आई राशि, बढ़ी त्योहार की खुशी
रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। ऐसे में त्योहार से पहले महतारी वंदन की राशि मिलने से महिलाओं की खुशियां बढ़ गई हैं। कई महिलाएं इस राशि से भाई के लिए राखी, मिठाई और उपहार खरीदने के साथ ही घर की जरूरी चीजों पर भी खर्च करने की तैयारी कर रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि यह राशि केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उन्हें अपने छोटे-बड़े फैसले खुद लेने का भरोसा भी देती है।
महतारी वंदन की राशि से स्वरोजगार को मिली मजबूती
योजना का असर घरेलू खर्च तक सीमित नहीं है। कई महिलाओं ने नियमित मिलने वाली राशि को बचाकर स्वरोजगार की शुरुआत की है।
मुंगेली विकासखंड के ग्राम घुठेरा की अनीता गंधर्व ने योजना से मिली राशि बचाकर मनिहारी और सिलाई की दुकान शुरू की। इसी तरह जांजगीर-चांपा जिले की शबीना बेगम ने अपनी चूड़ी दुकान में नया सामान बढ़ाया, जबकि एमसीबी जिले की गायत्री श्रीवास्तव ने राशि बचाकर सिलाई-पिको मशीन खरीदी।
रायगढ़ की राशी कंवर ने भी महतारी वंदन की किस्तों से सिलाई मशीन खरीदी, जिससे उन्हें आय का नया साधन मिला है।