CG NEWS : CM विष्णुदेव साय के जनदर्शन में पहुंचे प्रदेशभर के लोग, सड़क, नौकरी और PM आवास की समस्याएं लेकर लगाई गुहार

CG NEWS : रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। इस दौरान अलग-अलग जिलों से आए ग्रामीणों और युवाओं ने सड़क, रोजगार और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी अपनी परेशानियां मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

जनदर्शन में मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) समेत कई जिलों से लोग अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं।

आजादी के बाद से गांव में सड़क नहीं बनने की शिकायत

मुंगेली जिले से पहुंचे एक ग्रामीण ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके गांव में आजादी के बाद से अब तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गांव तक सड़क बनवाने की मांग रखी।

Advertisement

Egypt Road Accident: मिस्र के हाईवे पर कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा? 31 की मौत, 21 से ज्यादा घायल

7 साल से अटकी स्वच्छता निरीक्षक भर्ती, युवाओं ने मांगा रोजगार

जनदर्शन में पहुंचे एक युवक ने स्वच्छता निरीक्षक भर्ती का मुद्दा उठाया। युवक के मुताबिक, भर्ती प्रक्रिया पिछले सात साल से अटकी हुई है। रोजगार की मांग को लेकर वह मुख्यमंत्री निवास पहुंचा और भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग की।

सिंगल होने के कारण नहीं मिल रहा प्रधानमंत्री आवास का लाभ

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से पहुंचे लक्ष्मीकांत शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या बताई। उन्होंने कहा कि अविवाहित यानी सिंगल होने के कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आवास के लिए वह पिछले आठ साल से भटक रहे हैं।

प्रदेशभर से समस्याएं लेकर पहुंचे लोग

मुख्यमंत्री निवास के बाहर जनदर्शन में शामिल होने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोग अपनी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के सामने रख रहे हैं। जनदर्शन के दौरान सड़क, रोजगार और आवास जैसी बुनियादी जरूरतों से जुड़े मामले प्रमुखता से सामने आए।

Spread the love
Advertisement