Chhattisgarh Crime News :कोरिया ट्रिपल मर्डर केस, पांच सदस्यीय CBI टीम ने संभाली जांच की कमान

Chhattisgarh Crime News बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चर्चित नौगई तिहरा हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपने हाथ में ले ली है। सोमवार को सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम बैकुंठपुर पहुंची और सीधे घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। टीम चरचा स्थित पंचवटी रेस्ट हाउस में ठहरी हुई है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है।

जानकारी के अनुसार, सीबीआई अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अब तक की पुलिस जांच से जुड़े दस्तावेजों, साक्ष्यों और केस डायरी का अध्ययन शुरू कर दिया है। टीम मामले से जुड़े अधिकारियों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

Chhattisgarh Legislative Assembly Monsoon Session 2026 : विधानसभा मानसून सत्र 2026, किसानों, कानून-व्यवस्था और नकटी गांव के मुद्दे पर सरकार घिरेगी

Advertisement

30 जून को सीबीआई जांच की हुई थी सिफारिश

गौरतलब है कि 16 जून को सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में हुए इस तिहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने 30 जून को इस प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। इसके बाद केंद्र की मंजूरी मिलने पर सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ली।

पुराने विवाद में हुई थी तीन लोगों की हत्या

जानकारी के मुताबिक, 16-17 जून की दरम्यानी रात को ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन में पहुंचे थे। आरोप है कि पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने उन्हें बुलाया गया, जहां उन पर हमला किया गया। इसके बाद हमलावरों ने फॉर्च्यूनर वाहन में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

इस हमले में भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

रेत उत्खनन विवाद को माना जा रहा वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर सुलह के बहाने बुलाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। अब सीबीआई पूरे घटनाक्रम, साक्ष्यों और जांच की प्रक्रिया की स्वतंत्र रूप से समीक्षा कर रही है। शुरुआती जांच पूरी होने के बाद एजेंसी आगे की कानूनी कार्रवाई तय करेगी।

Spread the love
Advertisement